Sunday, 10 July 2011

गरीबों के बच्चे को शिक्षा व भोजन मिलना ही विकास

Jagran 14 Jan 2011

 

बिशुनपुर(गुमला): लोगों के पास मोबाइल, घड़ी या गाड़ी हो जाय तो लोगों का विकास मेरी नजरों में नहीं हो पाया है। मैं तब समझूंगा कि लोगों का विकास हो रहा है जब गांव के गरीब से गरीब व्यक्ति जो बिल्कुल अंतिम पायदान पर खड़ा है, उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले और उनको खाने के लिए अनाज मिल सके। यह बातें विकास आयुक्त सुशील कुमार चौधरी ने कहीं।
श्री चौधरी विकास भारती के 28 वें स्थापना दिवस पर अंबेडकर सभागार में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य मित्र योजना का शुभारंभ व अद्दी युवा विकास क्लबों का सम्मान समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
श्री चौधरी ने विकास भारती को अपने 28 वें वर्ष पूरा करने की बधाई देते हुए कहा कि इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए अंत्योदय व अन्नपूर्णा योजना सरकार द्वारा चलाई जा रही है। अंत्योदय का मतलब गांव के अंतिम से अंतिम व्यक्ति का उदय करना है तथा अन्नपूर्णा का मतलब वैसे ही परिवारों के बीच अन्न कि पूर्ति हो। जिसके घर में खाने के अनाज नहीं हैं। जब यह सारी बातें लागू हो जायेंगी तब यह समझा जायेगा कि सचमुच विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का मतलब सड़क, बिजली, टेलीफोन व पंचायत भवन नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास भारती द्वारा सचमुच में विकास का कार्य किया जा रहा है। क्योंकि विकास भारती ग्राम स्वास्थ्य मित्र जैसे कई महत्वपूर्ण योजनाएं गांव के अंतिम से अंतिम व्यक्ति के लिए चला रही है। श्री चौधरी ने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से संस्था द्वारा कृषकों को आधुनिक तरीकों से खेती करने की सलाह दी जा रही है। जिससे किसान कि आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव का होना विकास के लिए एक शुभ संकेत है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि निर्वाचित सदस्यों को ईमानदारी से काम कर विकास लक्ष्य को हासिल करना होगा।
मौके पर गुमला उपविकास आयुक्त पुनई उरांव ने कहा कि बिशुनपुर में विकास का काम बहुत अच्छा हुआ है और हमें और बेहतर करने की आवश्यकता है।
विकास भारती के सचिव अशोक भगत ने कहा कि संस्था ने ग्राम स्वास्थ्य मित्र की कल्पना करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के पढ़े लिखे युवक-युवतियों को तीन महीने का प्रशिक्षण दिया है। जो गांवों में रहकर लोगों की छोटी मोटी बीमारी का इलाज करेंगे। विकास आयुक्त और संस्था के सचिव ने संयुक्त रूप से ग्राम स्वास्थ्य मित्रों को स्वास्थ्य कीट और प्रमाण पत्र तथा युवाओं को दरी और तिरंगा झंडा देकर सम्मानित किया। महामना मालवीय व्याख्यान माला (जिम खाना) और गौशाला का भी उद्घाटन किया गया। संस्था के संयुक्त सचिव कमलाकांत पांडेय ने विकास आयुक्त को सम्मानित किया। इस अवसर पर बीडीओ हरि कुमार केसरी, भिखारी भगत, शुक्का बृजिया, धनेश्वर उरांव, किनवा उरांव, अजित उरांव, आदित्य राणा आदि उपस्थित थे।

 

No comments:

Post a Comment