सेव द चिल्ड्रेन झारखण्ड के बच्चों के लिए काम करेगी
LOKMANCH अन्नपूर्णा मित्तल on February 17th, 2011
रांची। बुधवार को विकास भारती के बरियातू स्थित सेंटर आरोग्य भवन में संस्था के कार्यो की प्रदर्शनी की गई। कार्यक्रम में विकास भारती के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विकास भारती के सचिव अशोक भगत, विस्तार प्रोजेक्ट इंचार्ज सुमंत्र, रंजना, निखिलेश आदि का योगदान उल्लेखनीय रहा।
प्रदर्शनी का निरीक्षण अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘सेव द चिल्ड्रेन’ के डॉ. राजीव टंडन ने किया जिसमे उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए जरूरी है कि वहां के बच्चे स्वस्थ हों। हम झारखंड के बच्चों के लिए काम करना चाहते हैं। विकास भारती का प्रोजेक्ट काफी अच्छा है। इसने इस दिशा में काफी काम भी किया है। जल्द ही हम अपना पोषण प्रोग्राम विकास भारती के साथ मिलकर झारखंड में लांच करेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्री विमला प्रधान ने सेव द चिल्ड्रेन के पोषण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वे झारखंड में अवश्य काम करें। इस संदर्भ में बाल विकास विभाग उनकी आवश्यक मदद करेगा।
प्रदर्शनी में विकास भारती द्वारा चलाए जा रहे सभी कार्यक्रम से संबंधित चार्ट और फोटोग्राफ के अलावा संस्था के तत्वावधान में दी जा रही वोकेशनल ट्रेनिंग के दौरान बनने वाली चीजें भी प्रदर्शित कि गई थीं। सेव द चिल्ड्रेन की टीम में भारत समेत लन्दन, अमेरिका और इटली से आठ लोग उपस्थित हुए। सेव द चिल्ड्रेन की टीम अन्य इलाके का दौरा भी करेगी।
No comments:
Post a Comment